जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में चल रही स्पेशल चेकिंग ड्राइव के दौरान ट्रेन में अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। कार्रवाई के दौरान शराब लेकर सफर कर रहा यात्री बैग छोड़कर फरार हो गया।
मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि विशेष जांच अभियान के तहत वाणिज्य निरीक्षक नटवर दान चारण द्वारा 22 फरवरी को जैसलमेर से रवाना हुई ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल कोच में सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान 23 फरवरी की रात रानीवाड़ा और भीलड़ी स्टेशनों के बीच एक संदिग्ध ट्रॉली बैग दिखाई दिया।
बैग के पास बैठे एक यात्री से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसी बीच ट्रेन जब मारवाड़ रतनपुर स्टेशन के पास धीमी हुई तो वह व्यक्ति अचानक बैग छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसके व्यवहार से पहले ही संदेह हो गया था, इसलिए टीम ने तुरंत बैग को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
जब ट्रॉली बैग को खोलकर देखा गया तो उसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरी हुई मिली। गिनती करने पर करीब 100 कॉटर शराब बरामद हुई। यह शराब अवैध रूप से ले जाई जा रही थी, जिसे नियमानुसार जब्त कर लिया गया।
वाणिज्य निरीक्षक नटवर दान चारण ने पूरी कार्रवाई के बाद बरामद शराब और ट्रॉली बैग को जीआरपी जालोर के सुपुर्द कर दिया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में फरार यात्री की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
सीनियर डीसीएम ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार जोधपुर मंडल में ट्रेनों के अंदर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Write a Response