अशोक विहार कॉलोनी में सीवरेज लाइन ब्लॉक, पेयजल लाइन लीकेज से गंभीर स्वास्थ्य संकट
जोधपुर। अशोक विहार कॉलोनी में पिछले लगभग एक माह से सीवरेज लाइन ब्लॉक होने के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि सीवरेज लाइन का गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे दुर्गंध, गंदगी और संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी नगर निगम अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है।
इतना ही नहीं, कॉलोनी में पीने के पानी की लाइन भी पिछले कई महीनों से लीकेज है। इस लीकेज के कारण सीवरेज का गंदा पानी पेयजल पाइपलाइन में मिक्स हो रहा है, जो सीधे घरों तक पहुंच रहा है। इससे लोगों को दूषित पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा गंभीर रूप लेता जा रहा है। स्थानीय निवासियों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना या गंभीर स्वास्थ्य घटना, जैसे इंदौर जैसी घटना, से इनकार नहीं किया जा सकता।
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद पीएचडी विभाग और नगर निगम विभाग दोनों ही लापरवाही बरत रहे हैं। बार-बार शिकायतें करने के बाद भी संबंधित विभागों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस मुद्दे को लेकर विकास समिति अध्यक्ष टीकमचंद छेड़ीवाल, सुमर सिंह जी चौधरी, बी.आर. बेड़ा, राजपाल धायल, धीरज जैन, लादूराम सियाग, प्रदीप सिंह भाटी, महेंद्र सिंह खींची, अजय जयपाल जी, सज्जन सिंह जी, पीयूष बोराणा सहित महिला विंग की सदस्याएं मौके पर मौजूद रहीं और सामूहिक रूप से प्रशासन से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सीवरेज लाइन की तत्काल सफाई कराई जाए, पेयजल लाइन की मरम्मत की जाए तथा दूषित पानी की आपूर्ति तुरंत रोकी जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले लोगों की जान और स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Write a Response