लंबित प्लॉट आवंटन का मुद्दा गरमाया

जोधपुर। शहर में लंबे समय से लंबित पत्रकार प्लॉट आवंटन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया, जब सर्किट हाउस जोधपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के समक्ष जोरदार तरीके से अपनी मांग रखी।


जोधपुर। शहर में लंबे समय से लंबित पत्रकार प्लॉट आवंटन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया, जब सर्किट हाउस जोधपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के समक्ष जोरदार तरीके से अपनी मांग रखी। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों ने एकजुट होकर वर्षों से लंबित प्लॉट आवंटन प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई और सरकार से स्पष्ट नीति लागू करने का आग्रह किया।

मंत्री ने पत्रकारों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए कहा कि यदि सभी पत्रकार एकमत होकर अपनी मांग प्रस्तुत करते हैं तो सरकार सकारात्मक निर्णय लेने की दिशा में कदम उठा सकती है। इस पर उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में अपनी एकता प्रदर्शित करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण की मांग दोहराई।

प्रेस वार्ता के बाद पत्रकार प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच एक अलग बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिस्वीकृत पत्रकारों को बिना किसी बाधा के प्लॉट आवंटित किए जाएं। वहीं अन्य आवेदकों के मामलों में यदि किसी प्रकार की आपत्तियां लंबित हैं तो उनके दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर पात्रता के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बैठक के दौरान यह भी तय हुआ कि पूर्व में गठित समिति के सदस्य जल्द ही अधिकृत पत्रकारों की अद्यतन सूची तैयार कर मंत्री को सौंपेंगे, ताकि प्रशासनिक स्तर पर लंबित प्रकरणों पर कार्रवाई प्रारंभ की जा सके। पत्रकारों ने कहा कि लंबे समय से यह मांग लंबित है और अब सरकार से ठोस निर्णय की अपेक्षा है।

कार्यक्रम में शामिल पत्रकारों ने आशा जताई कि सरकार शीघ्र सकारात्मक कदम उठाकर वर्षों से प्रतीक्षित प्लॉट आवंटन प्रक्रिया को गति देगी और पात्र पत्रकारों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल करेगी।

 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response