20 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

टोंक, 7 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर तहसील के पटवार हल्का ऊंचा में कार्यरत पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी न्यायालय के आदेश की पालना में परिवादी के पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री दर्ज करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था। एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पटवारी भंवर सिंह न्यायालय के निर्णय के अनुसार जमीन की डिक्री दर्ज करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर परिवादी को लगातार परेशान कर रहा है।

WhatsApp Image 2026-07-07 at 4.18.40 PM-5DbnmGUELW.jpeg

टोंक, 7 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर तहसील के पटवार हल्का ऊंचा में कार्यरत पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी न्यायालय के आदेश की पालना में परिवादी के पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री दर्ज करने की एवज में रिश्वत मांग रहा था।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पटवारी भंवर सिंह न्यायालय के निर्णय के अनुसार जमीन की डिक्री दर्ज करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर परिवादी को लगातार परेशान कर रहा है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान 25 जून 2026 को आरोपी पटवारी ने परिवादी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेने की मांग दोहराई और राशि लेने पर सहमति भी जताई। शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना तैयार की।

अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में एसीबी टोंक की टीम ने कार्रवाई की। ट्रैप के दौरान आरोपी पटवारी ने परिवादी को अपनी कार में बैठाया और रिश्वत की राशि कार के डैशबोर्ड बॉक्स (डेस्क बॉक्स) में रखने के लिए कहा। जैसे ही परिवादी ने 20 हजार रुपये बॉक्स में रखे, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की पूरी राशि कार के डैशबोर्ड बॉक्स से बरामद कर ली गई।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरवीजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दें। ब्यूरो ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता के वैध कार्य को बिना रिश्वत के पूरा कराने में हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response