जोधपुर। यात्रियों से खानपान सामग्री के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने वाले विक्रेताओं के खिलाफ उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सख्ती शुरू कर दी है। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में ओवरचार्जिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खानपान स्टॉल की नियमित जांच और निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी अभियान के तहत मोदरान रेलवे स्टेशन पर निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चाय बेचने के मामले में रेलवे ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, मोदरान रेलवे स्टेशन पर एक खानपान विक्रेता द्वारा चाय की निर्धारित कीमत से दोगुनी राशि वसूलने की शिकायत मिली थी। रेलवे अधिकारियों ने शिकायत की जांच की तो मामला सही पाया गया। इसके बाद संबंधित विक्रेता पर 2500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। साथ ही नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खानपान स्टॉल को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में शिकायत की पुष्टि होने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। जोधपुर मंडल में स्टेशनों पर संचालित खानपान स्टॉल के अलावा ट्रेनों में भी विक्रेताओं की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों से ओवरचार्जिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। मंडल में खानपान स्टॉल और ट्रेनों की लगातार जांच की जा रही है। निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलने पर जांच के बाद संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि किसी खानपान विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगी जाती है तो इसकी शिकायत तत्काल रेलवे के अधिकृत शिकायत माध्यमों पर करें। शिकायत के आधार पर रेलवे की टीम मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरचार्जिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response