बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के निम्बा की ढाणी में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे टांके में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक मासूम बच्चा खेलते समय अचानक घर के पास बने पानी के टांके में गिर गया। बच्चे को डूबता देख उसकी मां बिना देर किए उसे बचाने के लिए टांके में कूद गई।
बालोतरा: मासूम को बचाने टांके में कूदी मां, पानी में डूबने से तीन की दर्दनाक मौत
बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र के निम्बा की ढाणी में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां पानी से भरे टांके में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक मासूम बच्चा खेलते समय अचानक घर के पास बने पानी के टांके में गिर गया। बच्चे को डूबता देख उसकी मां बिना देर किए उसे बचाने के लिए टांके में कूद गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टांका गहरा और पानी से लबालब भरा हुआ था। मां अपने बच्चे को संभालने की कोशिश कर ही रही थी कि इसी दौरान परिवार का एक अन्य सदस्य भी उन्हें बचाने के लिए टांके में उतर गया। लेकिन गहराई और पानी की अधिकता के कारण तीनों बाहर नहीं निकल सके और दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही गिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को टांके से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान देवी, अर्जुन और धर्मेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। बाद में शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने ग्रामीणों से खुले और असुरक्षित पानी के टांकों के पास सावधानी बरतने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Write a Response