24 घंटे में माता का थान थाना व डीएसटी की तीन बड़ी कार्रवाई
- Posted on 25 जुलाई 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 25 Views
जोधपुर, 25 जुलाई। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के माता का थान थाना और डीएसटी टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 24 घंटे में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 120 किलो 94 ग्राम डोडा पोस्त, 91 ग्राम एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग्स) और 2 किलो 24 ग्राम अफीम बरामद की है। तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें कापरड़ा निवासी बीरबल, मांगीलाल, श्रवणसिंह विश्नोई, तथा वर्तमान में सालासर नगर निवासी प्रकाश और रमेश शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों के नेटवर्क, मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है।
जोधपुर, 25 जुलाई। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के माता का थान थाना और डीएसटी टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 24 घंटे में तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 120 किलो 94 ग्राम डोडा पोस्त, 91 ग्राम एमडीएमए (सिंथेटिक ड्रग्स) और 2 किलो 24 ग्राम अफीम बरामद की है। तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया और पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मनीष कुमार चौधरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेन्द्र सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त मंडोर अनिल शर्मा के सुपरविजन में थाना माता का थान के थानाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अलग-अलग टीमों ने मादक पदार्थों के ठिकानों को चिन्हित कर तीन स्थानों पर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई: अल्टो कार से एमडीएमए बरामद
पहली कार्रवाई 23 जुलाई की रात प्रेम नगर फाटक के पास की गई। एनटीएफ से मिली सूचना पर पुलिस ने एक अल्टो कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार बीरबल और मांगीलाल के कब्जे से 91 ग्राम एमडीएमए और 61 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15 एवं 8/22 के तहत मामला दर्ज कर जांच बनाड़ थाना पुलिस को सौंपी गई।
दूसरी कार्रवाई: घर से 2 किलो अफीम जब्त
24 जुलाई को पुलिस ने बलदेव नगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर श्रवणसिंह विश्नोई को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 24 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
तीसरी कार्रवाई: सालासर नगर में 120 किलो डोडा पोस्त
इसी दिन पुलिस ने सालासर नगर स्थित एक मकान पर छापा मारकर रमेश और प्रकाश को गिरफ्तार किया। मकान से 120 किलो 33 ग्राम डोडा पोस्त, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मिक्सी बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि मिक्सी का उपयोग मादक पदार्थ तैयार करने या पैकिंग के लिए किया जा रहा था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच मंडोर थाना पुलिस को सौंप दी गई।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें कापरड़ा निवासी बीरबल, मांगीलाल, श्रवणसिंह विश्नोई, तथा वर्तमान में सालासर नगर निवासी प्रकाश और रमेश शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों के नेटवर्क, मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस का कहना है कि राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response