जोधपुर नगर निगम चुनाव: प्रत्याशियों के पैनल लेकर जयपुर पहुंचे प्रमुख नेता
- Posted on 28 अगस्त 2026
- (राजनीति)
- By Rajendra Harsh
- 34 Views
जोधपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन की कवायद अंतिम दौर में पहुंच गई है। दोनों प्रमुख दलों में टिकट वितरण को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। बीजेपी के प्रमुख नेता संभावित प्रत्याशियों के पैनल लेकर जयपुर में डटे हुए हैं, जहां पार्टी स्तर पर नामों को लेकर अंतिम निर्णय किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। जानकारी के अनुसार बीजेपी की ओर से अधिकांश वार्डों के लिए प्रत्याशियों के पैनल तैयार किए गए हैं। कई वार्डों में दो से तीन दावेदारों के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। वहीं कुछ वार्ड ऐसे भी हैं, जहां पार्टी के सामने केवल एक ही नाम का विकल्प रखा गया है। ऐसे में इन वार्डों में प्रत्याशियों का चयन अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है।
जोधपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन की कवायद अंतिम दौर में पहुंच गई है। दोनों प्रमुख दलों में टिकट वितरण को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। बीजेपी के प्रमुख नेता संभावित प्रत्याशियों के पैनल लेकर जयपुर में डटे हुए हैं, जहां पार्टी स्तर पर नामों को लेकर अंतिम निर्णय किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के अनुसार बीजेपी की ओर से अधिकांश वार्डों के लिए प्रत्याशियों के पैनल तैयार किए गए हैं। कई वार्डों में दो से तीन दावेदारों के नाम पैनल में शामिल किए गए हैं। वहीं कुछ वार्ड ऐसे भी हैं, जहां पार्टी के सामने केवल एक ही नाम का विकल्प रखा गया है। ऐसे में इन वार्डों में प्रत्याशियों का चयन अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जयपुर में वरिष्ठ नेताओं के बीच पैनल को लेकर चर्चा जारी है। स्थानीय स्तर पर प्राप्त फीडबैक, दावेदारों की सक्रियता, जीत की संभावनाओं और संगठन में उनकी भूमिका जैसे विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए नामों पर विचार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व की सहमति के बाद होने की संभावना है।
इधर, कांग्रेस में भी प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पार्टी की ओर से संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए जयपुर भेजी गई है। अब प्रदेश स्तर पर सूची पर अंतिम मुहर लगने का इंतजार किया जा रहा है।
कांग्रेस की पहली सूची आज रात या फिर कल सुबह जारी होने की संभावना जताई जा रही है। सूची जारी होने के बाद दोनों दलों में चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो जाएगी। टिकट के दावेदारों की नजरें पार्टी की पहली सूची पर टिकी हुई हैं।
नगर निगम चुनाव को लेकर दोनों ही दलों में दावेदारों के बीच टिकट पाने की होड़ तेज है। कई वार्डों में एक से अधिक मजबूत दावेदार होने के कारण पार्टी नेतृत्व के सामने चयन की चुनौती बनी हुई है। टिकट वितरण के साथ ही संभावित बगावत और असंतुष्ट दावेदारों को साधना भी दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी।
फिलहाल बीजेपी के पैनल जयपुर में विचाराधीन हैं, जबकि कांग्रेस की सूची अंतिम मंजूरी की प्रक्रिया में है। दोनों दलों की पहली सूची सामने आने के बाद जोधपुर नगर निगम चुनाव का सियासी मुकाबला और अधिक रोचक होने की उम्मीद है।
Write a Response