जोधपुर में मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, दो वाहन बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना चौहाबोर्ड द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उर्जाराम पुत्र पोकरराम (40) निवासी बुझावर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी शहर में अन्य वाहन चोरी की वारदातों में भी शामिल हो सकता है, जिसके संबंध में उससे पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज (IPS) और पुलिस उपायुक्त पश्चिम विनीत कुमार बंसल (IPS) के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा (IPS) तथा सहायक पुलिस आयुक्त रविन्द्र बोथरा (RPS) के सुपरविजन में थाना चौहाबोर्ड प्रभारी ईश्वरचन्द्र पारीक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।
मामले की शुरुआत 28 नवंबर 2024 को हुई, जब प्रार्थी छोटूराम जाट निवासी बिणजारी (हाल निवासी बोरानाडा) ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया कि 27 नवंबर को वह सेक्टर-12 स्थित एसबीआई बैंक गया था, जहां से लौटने पर उसकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (RJ 19 SN 0314) गायब मिली।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। टीम ने पुराने वाहन चोरी के आरोपियों से पूछताछ की, साथ ही मानव संसाधन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान आरोपी उर्जाराम का नाम सामने आया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने दो मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दोनों वाहन बरामद कर लिए। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।
Write a Response