महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने संभाला कामकाज, 100 वार्डों में सफाई अभियान शुरू
- Posted on 14 अक्टूबर 2026
- सामान्य समाचार
- By Rajendra Harsh
- 39 Views
जोधपुर, 14 अक्टूबर। नगर निगम जोधपुर के महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने बुधवार को शुभ मुहूर्त में निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत कामकाज शुरू किया। वहीं, उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने भी पदभार ग्रहण किया। महापौर ने कहा कि सनातन संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नवरात्रि के अवसर पर नियमित कामकाज शुरू करने का निर्णय लिया गया है। अब वे प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक निगम कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे। महापौर मेहता ने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को अपने जायज कार्यों के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। आवेदन में कमी होने पर संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट जानकारी दी जाएगी, ताकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर समस्या का समाधान किया जा सके।
-
जोधपुर, 14 अक्टूबर। नगर निगम जोधपुर के महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने बुधवार को शुभ मुहूर्त में निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत कामकाज शुरू किया। वहीं, उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने भी पदभार ग्रहण किया। महापौर ने कहा कि सनातन संस्कृति और परंपराओं के अनुरूप नवरात्रि के अवसर पर नियमित कामकाज शुरू करने का निर्णय लिया गया है। अब वे प्रतिदिन सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक निगम कार्यालय में बैठकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे।
महापौर मेहता ने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को अपने जायज कार्यों के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। आवेदन में कमी होने पर संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट जानकारी दी जाएगी, ताकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर समस्या का समाधान किया जा सके।
सफाई, सड़क और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था प्राथमिकता
महापौर ने कहा कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को देखते हुए शहर की सफाई, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के 100 वार्डों में स्ट्रीट लाइट से संबंधित करीब 80 प्रतिशत समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। सड़कों के गड्ढे भरने और खराब लाइटों को ठीक करने के लिए भी कार्य जारी है।
14 अक्टूबर से स्वच्छ भारत मिशन के तहत सभी 100 वार्डों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाना है। सीवरेज की पुरानी समस्या पर उन्होंने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे। त्योहारों के दौरान गंदे पानी और गंदगी से होने वाली परेशानी कम करना भी प्राथमिकता रहेगी।
सेवा सेतु शिविर का किया निरीक्षण
महापौर ने निगम परिसर में संचालित सेवा सेतु अभियान शिविर का निरीक्षण कर अधिकारियों को नियमानुसार होने वाले कार्यों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के केवल दो दिन शेष हैं, इसलिए आमजन को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाएं।
दीपावली से पहले शहर को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य
उपमहापौर विजय सिंह पंवार ने कहा कि सभी वार्डों में सफाई अभियान शुरू हो चुका है और सफाई कार्यों में उपयोग होने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापौर के अनुभव और युवा पार्षदों की रचनात्मकता से शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी। दीपावली से पहले जोधपुर को स्वच्छ और रोशन बनाना प्राथमिकता है। त्योहार के बाद पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक कर दीर्घकालीन विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
Write a Response