डीएसटी पश्चिम व कुड़ी भगतासनी थाना की बड़ी कार्रवाई, अवैध देशी पिस्टल व कारतूस बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर, 18 जनवरी 2026।
जोधपुर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में अवैध आग्नेयास्त्रों की तस्करी एवं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी पश्चिम एवं पुलिस थाना कुड़ी भगतासनी की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अवैध देशी पिस्टल मय मैग्जीन एवं एक जिंदा कारतूस बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जोधपुर ओमप्रकाश एवं पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देशानुसार की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा, आईपीएस तथा सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त बोरानाडा श्री आनन्दसिंह राजपुरोहित के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी कुड़ी भगतासनी तेज करण (नि.पु.) के नेतृत्व में डीएसटी पश्चिम टीम प्रभारी महेन्द्र कुमार (उप निरीक्षक) मय टीम द्वारा यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2026 को डीएसटी पश्चिम टीम को अवैध हथियार रखने एवं उनकी खरीद-फरोख्त से जुड़ी सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। इसी क्रम में सेक्टर-08 स्थित लक्की स्कूल के सामने कार्रवाई करते हुए एक युवक को दस्तयाब किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल मय मैग्जीन एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्सलान उर्फ छोटू पुत्र मोहम्मद असलम, निवासी मधुबन हाउसिंग बोर्ड, भगत की कोठी, जोधपुर के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य व्यक्तियों के नाम उजागर किए। इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भोमसिंह भाटी उर्फ राजवीर सिंह उर्फ सुखसा, निवासी सांगरिया तथा रामप्रकाश पुत्र भंवरसिंह, निवासी खेड़ी सालवां, हाल कांस्टेबल आयुक्तालय जोधपुर को भी दस्तयाब कर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर प्राप्त किया गया है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Write a Response