राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हिंदू सम्मेलन का आयोजन
जोधपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर जोधपुर महानगर के नंदनवन नगर स्थित विवेकानंद बस्ती में आगामी 8 फरवरी, रविवार को भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी बस्ती पालक डॉ. विजय कुमार व्यास ने दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन को लेकर बस्ती स्तर पर व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है तथा आयोजन समिति का गठन भी कर लिया गया है।
डॉ. व्यास के अनुसार, हिंदू सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सेवानिवृत्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्री ओम कुमार व्यास को कार्यक्रम संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं महेश जी गोड, राजेश जैन, श्याम सिंह बेदी एवं विनोद मिश्रा को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम के वित्तीय प्रबंधन हेतु आशीष कृष्ण पुरोहित को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। आयोजन समिति के सभी पदाधिकारी मिलकर सम्मेलन को भव्य एवं प्रभावशाली बनाने के लिए निरंतर बैठकें कर रहे हैं।
हिंदू सम्मेलन के प्रचार-प्रसार की कड़ी में आज बालाजी बाबोसा मंदिर, श्री राम उद्यान में कार्यक्रम के पोस्टर एवं पत्रक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक श्री ओम कुमार व्यास सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। विमोचन कार्यक्रम में हिंदू समाज के सभी वर्गों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई और सम्मेलन को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
आयोजकों ने बताया कि हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना का विस्तार करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। सम्मेलन के दौरान समाज, संस्कृति, राष्ट्रबोध और सामाजिक एकता से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही प्रमुख वक्ताओं के उद्बोधन भी होंगे, जो समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर बस्ती में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हिंदू सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन समाज को जोड़ने और राष्ट्रहित के विचारों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
Write a Response