25 हजार की रिश्वत लेते संविदाकर्मी रंगे हाथ गिरफ्तार
- Posted on 16 जुलाई 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 38 Views
ली, 16 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पाली द्वितीय इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सोजत रोड नगरपालिका के संविदाकर्मी परमानन्द शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को सूचना दी थी कि उसके बड़े पिताजी के नाम पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने के लिए परमानन्द शर्मा अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम पर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
पाली, 16 जुलाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की पाली द्वितीय इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सोजत रोड नगरपालिका के संविदाकर्मी परमानन्द शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को सूचना दी थी कि उसके बड़े पिताजी के नाम पैतृक भूखंड का पट्टा जारी कराने के लिए परमानन्द शर्मा अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम पर 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
इसके बाद उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में पाली द्वितीय इकाई के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देरावर सिंह के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान परमानन्द शर्मा को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये लेते ही रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी ने रिश्वत की रकम अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली थी, जहां से एसीबी टीम ने राशि बरामद कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परमानन्द शर्मा पहले सोजत रोड पंचायत में कर्मचारी था। सेवानिवृत्ति के बाद वह दिसंबर 2025 तक नगरपालिका में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत रहा। आयु 65 वर्ष से अधिक होने के कारण उसने अपने पुत्र सुनील शर्मा को संविदा पर लगवा दिया, लेकिन स्वयं ही उसकी जगह लगातार काम करता रहा। एसीबी अब इस बात की भी जांच करेगी कि संविदाकर्मी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति से कार्य कराने की अनुमति किस आधार पर दी गई और इसमें नगरपालिका अधिकारियों की क्या भूमिका रही।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार की शिकायतें हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दर्ज कराने की अपील की है।
Write a Response