बासनी केमिकल फैक्ट्री अग्निकांड में 13 फायरकर्मी झुलसे, जयपुर किया जा रहा शिफ्ट
- Posted on 24 सितम्बर 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 54 Views
जोधपुर। बासनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्रमिक कॉलोनी की एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम भीषण आग लगने के बाद राहत और बचाव कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आग बुझाने के दौरान केमिकल ड्रम में जोरदार धमाका होने से 13 फायरकर्मी झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल (एमजीएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू किया गया। फायरकर्मियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर शिफ्ट करने की तैयारी की गई। एमजीएच अस्पताल से घायलों को लेकर एंबुलेंस रवाना की गईं। घायलों के शीघ्र और सुरक्षित स्थानांतरण के लिए प्रशासन की ओर से ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। इस दौरान रास्ते में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहे। प्रशासन के आला अधिकारी भी अस्पताल और घटनास्थल पर मौजूद रहे तथा पूरे घटनाक्रम की निगरानी की।
Write a Response