जोधपुर। जोधपुर बंगाली स्वर्णशिल्पी एसोसिएशन ने मेड़ता सिटी में एक ज्वेलर की हत्या के विरोध में जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सहित मृतक व घायलों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की गई।
जोधपुर। जोधपुर बंगाली स्वर्णशिल्पी एसोसिएशन की ओर से मेड़ता सिटी में हुए ज्वेलर हत्याकांड के विरोध में जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन पदाधिकारियों और सदस्यों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक और घायलों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपते समय समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे और घटना की कड़ी निंदा की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष शेख साकीर हुसैन और उपाध्यक्ष परितोष डिन्डा ने बताया कि मेड़ता सिटी के नन्हा बाजार स्थित उमा चैन नामक दुकान में 10 फरवरी की रात ज्वेलर पंकज सोनी अपने कारीगरों के साथ काम कर रहे थे। उनके साथ दुकान में संदीप बंगाली और संजय बंगाली भी मौजूद थे। देर रात करीब 12:11 बजे चार हमलावर वहां पहुंचे, जिनमें से दो दुकान के अंदर घुसे जबकि दो बाहर खड़े रहे। सभी हमलावर धारदार हथियारों से लैस बताए गए।
हमलावरों ने दुकान में घुसते ही पंकज सोनी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कारीगर संदीप और संजय पर भी धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ज्ञापन में एसोसिएशन ने कहा कि ऐसी घटनाएं व्यापारियों में भय का माहौल पैदा करती हैं, इसलिए दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जाए। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करे। जोधपुर में सौंपे गए ज्ञापन के दौरान समाज के लोगों ने एकजुट होकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की।
Write a Response