अलवर में एएसआई 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

  • Posted on 15 जुलाई 2026
  • By Rajendra Harsh
  • 19 Views

जयपुर/अलवर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना अरावली विहार में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक आपराधिक मामले में कार्रवाई में राहत देने और परिवादी के पुत्र का नाम मुकदमे से निकालने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। इसके बाद उपमहानिरीक्षक पुलिस (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी एवं उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई शंकर लाल शर्मा को सहपरिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

 

WhatsApp Image 2026-07-14 at 11.40.15 PM-fcL0iBs1Oe.jpeg

जयपुर/अलवर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना अरावली विहार में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) शंकर लाल शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक आपराधिक मामले में कार्रवाई में राहत देने और परिवादी के पुत्र का नाम मुकदमे से निकालने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी चौकी अलवर प्रथम को एक परिवादी ने शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, अरावली विहार थाने में दर्ज अपराध संख्या 269/2026 के अनुसंधान अधिकारी एएसआई शंकर लाल शर्मा परिवादी के पुत्र का नाम मुकदमे से हटाने, मारपीट नहीं करने तथा मामले में मदद करने की एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी एएसआई 13 जुलाई को परिवादी के घर पहुंचा था, जहां उसने 5 हजार रुपये ले लिए और शेष 20 हजार रुपये उसी दिन शाम तक देने का दबाव बनाया। शिकायत मिलने पर एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग सही पाई गई। जांच में सामने आया कि आरोपी ने परिवादी और सहपरिवादी से 10 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई तथा शेष 10 हजार रुपये बाद में देने की मांग की।

इसके बाद उपमहानिरीक्षक पुलिस (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी एवं उप अधीक्षक शब्बीर खान के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी एएसआई शंकर लाल शर्मा को सहपरिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में की गई।

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी वैध कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करें।

 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response