रेलवे भर्ती में बड़ा बदलाव, अब विभागीय परीक्षाएं होंगी कंप्यूटर आधारित
- Posted on 14 जून 2026
- जोधपुर
- By Rajendra Harsh
- 7 Views
जोधपुर। भारतीय रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब विभागीय स्तर पर आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) प्रणाली के माध्यम से कराई जाएंगी। इस बदलाव का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष, तेज और त्रुटिरहित बनाना है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की कार्यप्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की
जोधपुर। भारतीय रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे प्रशासन ने निर्णय लिया है कि अब विभागीय स्तर पर आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) प्रणाली के माध्यम से कराई जाएंगी। इस बदलाव का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक निष्पक्ष, तेज और त्रुटिरहित बनाना है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की कार्यप्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में भर्ती से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और तकनीक के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए आधुनिक डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विभागीय परीक्षाओं में टैबलेट आधारित टेस्टिंग प्रणाली का दायरा और बढ़ाया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इस तकनीक के उपयोग से परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और परिणाम प्रक्रिया अधिक सटीक तथा प्रभावी होगी। इससे परीक्षाओं के परिणाम कम समय में जारी किए जा सकेंगे और मानवीय त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।
समीक्षा बैठक के दौरान वित्त वर्ष 2025-26 की भर्ती उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ने भर्ती प्रक्रिया में उल्लेखनीय तेजी लाते हुए छह प्रमुख श्रेणियों में कुल 47,084 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की। इनमें से 43,781 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 18,799 नियुक्तियां असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) पदों पर की गईं, जबकि 14,298 अभ्यर्थियों को टेक्नीशियन पदों पर नियुक्ति मिली। इसके अलावा रेलवे सुरक्षा बल में 452 सब-इंस्पेक्टर और कॉन्स्टेबल, 4,208 जूनियर इंजीनियर तथा 1,376 पैरामेडिकल श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी नियुक्त किया गया।
रेलवे के इस नए कदम को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और तकनीकी सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Write a Response