जयपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई

जयपुर। राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला सब इंस्पेक्टर तथा दो हेड कांस्टेबल शामिल हैं। तीनों पुलिसकर्मी दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे। जानकारी के अनुसार बेंगलुरु पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा पर आरोप है


जयपुर। राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला सब इंस्पेक्टर तथा दो हेड कांस्टेबल शामिल हैं। तीनों पुलिसकर्मी दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे।

जानकारी के अनुसार बेंगलुरु पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा पर आरोप है कि उन्होंने जांच के दौरान पीड़ित पक्ष को डराया-धमकाया और मामले में राहत देने के नाम पर दो लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत राजस्थान एसीबी से की, जिसके बाद ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।

एसीबी की टीम ने जयपुर स्थित होटल गणगौर में जाल बिछाया और आरोपियों को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

यह पूरी कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई। अभियान का पर्यवेक्षण पुलिस उपमहानिरीक्षक ओम प्रकाश मीणा ने किया, जबकि कार्रवाई एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर अंजाम दी गई।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार दूसरे राज्य से आए पुलिसकर्मियों द्वारा राजस्थान में कथित रूप से रिश्वत मांगना और जांच के नाम पर दबाव बनाना गंभीर मामला है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले भी इस प्रकार की कोई गतिविधि की है या नहीं।

ट्रैप कार्रवाई के बाद महिला सब इंस्पेक्टर अनीता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एसीबी टीम ने तत्काल उन्हें चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उच्च रक्तचाप (बीपी) की समस्या के कारण उनकी तबीयत खराब हुई थी। फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और एसीबी मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response