जोधपुर: जेडीए की बड़ी कार्रवाई, रामपुरा भाटियान में नदी भूमि से अतिक्रमण हटाए
जोधपुर। शहर में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ग्राम रामपुरा भाटियान में नदी की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए कई निर्माणों को ध्वस्त किया।
जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण सचिव चंचल वर्मा के आदेश पर मुख्य नियंत्रक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनीता तथा तहसीलदार अजीत पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, जेडीए टीम ने ग्राम रामपुरा भाटियान में खसरा संख्या 423 और 615 का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि गैर मुमकिन नदी की भूमि पर लगभग 2 से 3 किलोमीटर क्षेत्र में अवैध रूप से कच्चे-पक्के निर्माण, चारदीवारी और तारबंदी कर अतिक्रमण किया गया था। इसके बाद टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से इन सभी अवैध निर्माणों को हटाते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस का भारी जाब्ता मौके पर मौजूद रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। जेडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नदी और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस अभियान में प्रवर्तन अधिकारी प्रवीण गहलोत, प्रवर्तन निरीक्षक योगेश गहलोत और संजय सांदड़, भू-अभिलेख निरीक्षक जीवन सिंह, पटवारी महेश सहित पुलिस थाना मथानिया और पुलिस आयुक्तालय का जाब्ता भी मौजूद रहा।
जेडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने प्रशासन की इस सख्ती को सराहा है।
Write a Response