आरपीएफ महिला कांस्टेबल ने दिखाई बहादुरी, महिला यात्री को चलती ट्रेन से बचाया
जोधपुर। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री अचानक संतुलन खो बैठीं और प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच गिर गईं। इस खतरनाक स्थिति में ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला कांस्टेबल नवीन ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए महिला की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, महिला यात्री शहनाज बानो गाड़ी संख्या 19223 साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच फंस गईं। मौके पर मौजूद कांस्टेबल नवीन ने बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कांस्टेबल की सूझबूझ और फुर्ती से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। राहत की बात यह रही कि महिला यात्री को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) नीतीश शर्मा ने बताया कि घटना के बाद महिला को प्राथमिक सहायता प्रदान की गई और बाद में उसे दूसरी ट्रेन के माध्यम से उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
वहीं, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने महिला कांस्टेबल नवीन के इस साहसिक कार्य की सराहना की है। उन्होंने इसे कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कांस्टेबल को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
रेलवे अधिकारियों ने इस घटना के बाद यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और हमेशा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Write a Response