जोधपुर। करवड़ थाना पुलिस ने छीना-झपटी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को कुड़ निवासी शुभम विश्नोई (25) ने करवड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि वह बाइक से जा रहा था। इसी दौरान औसियां फांटा के पास बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए बदमाशों ने उसे बाइक से गिरा दिया और मारपीट की। आरोपियों ने उसके पास से 49,500 रुपए नकद और चैकबुक छीन ली तथा मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना करवड़ में प्रकरण संख्या 126/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 304(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व मनीष कुमार चौधरी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेंद्र देवड़ा तथा सहायक पुलिस आयुक्त मंडोर अनिल शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी परमेश्वरी निपु के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश देकर जानकारी जुटाई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शान्तिलाल पुत्र खेताराम मेघवाल (29) निवासी जैमला, थाना साकड़ा, जिला जैसलमेर और दिनेश पुत्र तिलाराम जाट (30) निवासी खुड़ियाला, थाना चामू, जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही छीनी गई नकदी और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई में थानाधिकारी परमेश्वरी निपु, सहायक उप निरीक्षक कुम्भाराम, कांस्टेबल राकेश, संजय और रामस्वरूप शामिल रहे।
Write a Response