जोधपुर, 27 सितंबर। एम्स जोधपुर में पिछले पांच दिनों से चल रही रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल रविवार को समाप्त हो गई। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की रेजिडेंट डॉक्टरों और केंद्र सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद हड़ताल वापस लेने की घोषणा की गई। इसके साथ ही एम्स की ओपीडी, आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू और अन्य चिकित्सा सेवाएं सुचारू हो गईं।
हड़ताल के बीच एम्स जोधपुर के डायरेक्टर डॉ. गोवर्धन पुरी को तत्काल प्रभाव से दिल्ली स्थानांतरित कर दिया गया है। उनके स्थान पर एम्स जम्मू के डायरेक्टर डॉ. संजीव सिन्हा को जोधपुर एम्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। रेजिडेंट डॉक्टरों ने डायरेक्टर को हटाने की मांग को अपनी प्रमुख मांग बताया था।
एनेस्थीसिया विभाग के प्रथम वर्ष के रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. राजनरेश यादव का शव 22 सितंबर को मिला था। इसके बाद 24 सितंबर से करीब 450 रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे। शनिवार को शेखावत ने एम्स पहुंचकर रेजिडेंट डॉक्टरों से बातचीत की थी। उन्होंने उनकी मांगों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से भी चर्चा की और रेजिडेंट प्रतिनिधियों के साथ कई दौर की वार्ता की।
शेखावत ने बताया कि रेजिडेंट डॉक्टरों की मांगों पर सहमति बनी है। लगातार ड्यूटी की अधिकतम समय-सीमा 12 घंटे तय करने का निर्णय लिया गया है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए एम्स पुस्तकालय को 24 घंटे खुला रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं। दिल्ली एम्स की तर्ज पर जोधपुर एम्स में रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन और छात्र निकाय को प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक मान्यता देने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि दिवंगत डॉ. राजनरेश यादव के परिवार को नियमानुसार अनुग्रह राशि/मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर सहायता राशि हस्तांतरित की जाएगी।
अतिरिक्त प्रभार के दौरान प्रशासनिक कार्यों में बाधा नहीं आए, इसके लिए स्टॉप-गैप व्यवस्था लागू की जाएगी। नए कार्यवाहक निदेशक पांच दिनों के भीतर चार वरिष्ठ प्रोफेसरों की समिति गठित करेंगे। समिति मरीजों के उपचार, शैक्षणिक गतिविधियों और रेजिडेंट कल्याण से जुड़े दैनिक निर्णयों में सहयोग करेगी।
हड़ताल समाप्ति के बाद डॉक्टरों ने मरीजों के हित में तत्काल काम पर लौटने की घोषणा की। इस दौरान शेखावत, रेजिडेंट डॉक्टरों और स्टाफ ने दिवंगत डॉ. राजनरेश यादव की आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
Write a Response