महिला सुरक्षा के लिए जोधपुर मंडल की “मेरी सहेली–01” टीम का सराहनीय कार्य
जोधपुर, 19 दिसंबर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में महिला सुरक्षा को लेकर गठित “मेरी सहेली–01” टीम द्वारा निरंतर सराहनीय एवं प्रभावी कार्य किया जा रहा है। यह टीम महिला यात्रियों को सुरक्षित, सहज एवं विश्वासपूर्ण यात्रा का अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
महिला सुरक्षा की दृष्टि से गठित “मेरी सहेली–01” टीम में कुल 14 प्रशिक्षित महिला कांस्टेबल तैनात हैं। ये महिला कांस्टेबल रेलगाड़ियों में यात्रा कर रही महिला यात्रियों से सीधे संपर्क स्थापित करती हैं और उन्हें आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करती हैं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या, असुविधा या आपात स्थिति में टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई कर महिला यात्रियों को सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में वर्ष 2025 के दौरान जोधपुर मंडल की “मेरी सहेली–01” टीम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस अवधि में टीम ने कुल 3,216 रेलगाड़ियों में ड्यूटी करते हुए 68,451 महिला यात्रियों को अटेंड किया और उनसे सीधा संवाद स्थापित किया। महिला यात्रियों की समस्याओं का त्वरित समाधान, सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें आत्मविश्वास का अनुभव कराना टीम की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा।
टीम द्वारा महिला यात्रियों को हेल्पलाइन नंबरों, सुरक्षा उपायों, यात्रा के दौरान सावधानियों तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी जाती है। इससे महिला यात्रियों में न केवल सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, बल्कि रेलवे के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
जोधपुर रेल मंडल द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार की पहल निरंतर जारी है। “मेरी सहेली–01” जैसी योजनाएं रेलवे की महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बना रही हैं तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक यात्रा के लक्ष्य को साकार कर रही हैं।
Write a Response