बीकानेर/फलोदी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट बीकानेर ने कार्रवाई करते हुए लोहावट के विकास अधिकारी नारायण सुथार को 8 लाख 14 हजार रुपए की संदिग्ध राशि के साथ पकड़ा है। एसीबी टीम ने अधिकारी को उनके निजी वाहन से यह राशि बरामद होने के बाद डिटेन किया। मामले में राशि के स्रोत और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
एसीबी के अनुसार, महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के निर्देश पर स्पेशल यूनिट बीकानेर को सूचना मिली थी कि लोहावट के विकास अधिकारी संदिग्ध राशि लेकर लोहावट से रवाना होकर बीकानेर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने अधिकारी के वाहन की निगरानी शुरू की।
एसीबी बीकानेर के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम ने नोखा रोड स्थित भीनासर चैक पॉइंट पर संदिग्ध हुंडई वेन्यू कार नंबर आरजे 07 सीडी 0047 को रुकवाया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 8,14,000 रुपए नकद बरामद हुए। एसीबी ने राशि को संदिग्ध मानते हुए विकास अधिकारी नारायण सुथार को डिटेन कर लिया। टीम द्वारा उनसे बरामद राशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नकदी कहां से आई और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में मामले से जुड़ी आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, बरामद नकदी के संबंध में संतोषजनक जानकारी और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
एसीबी ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा। अनुसंधान के दौरान बरामद राशि के स्रोत, संभावित लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response