जोधपुर में मानसिक रूप से पीड़ित महिला को शेल्टर होम पहुंचाया, अधिवक्ताओं की पहल से मिली मदद
जोधपुर। शहर के सेशन कोर्ट कैंपस स्थित पुराने हेरिटेज भवन परिसर में सुबह से भटक रही एक मानसिक रूप से पीड़ित महिला को समय पर सहायता प्रदान करते हुए शेल्टर होम पहुंचाया गया। यह मानवीय पहल राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अधिवक्ता बुद्धाराम चौधरी की सूचना पर संभव हो सकी।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह से एक महिला सेशन कोर्ट कैंपस में इधर-उधर भटकती नजर आई। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आसपास मौजूद लोगों ने चिंता व्यक्त की। इसी दौरान अधिवक्ता बुद्धाराम चौधरी ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत “अपना घर आश्रम” शेल्टर होम को सूचना दी। साथ ही सेशन कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी को भी मामले से अवगत कराया गया, ताकि महिला को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सके।
सूचना मिलते ही शेल्टर होम की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने महिला को आवश्यक प्राथमिक सहायता प्रदान करते हुए उसे सुरक्षित रूप से शेल्टर होम पहुंचाया, जहां उसकी देखभाल और चिकित्सकीय जांच की व्यवस्था की गई। इस दौरान अधिवक्ता बुद्धाराम चौधरी के साथ राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की पुस्तकालय सचिव शिवानी वैष्णव, अधिवक्ता भवानी सिंह भलासरिया, मानवेंद्र चौधरी, प्रकाश शर्मा और कमलेश भाटी सहित अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
अधिवक्ता बुद्धाराम चौधरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि समाज में यदि कोई मानसिक रूप से पीड़ित या असहाय व्यक्ति दिखे तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि संबंधित संस्थाओं व प्रशासन को सूचित कर उसकी मदद करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सकती है और ऐसे मानवीय कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
इस मानवीय पहल की अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही जरूरतमंदों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सकता है।
Write a Response