जमीन से धन निकालने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, तांत्रिक 24 घंटे में गिरफ्तार
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने जमीन में गड़ा हुआ धन निकालने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपए की ठगी करने वाले एक कथित तांत्रिक को महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई खेड़ापा थाना पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उम्मेद जोशी उर्फ दीपक जोशी (26) पुत्र फूलचंद जोशी उर्फ राधेश्याम निवासी बोरुदा, जोधपुर ग्रामीण के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में जोधपुर शहर के महामंदिर थाना क्षेत्र स्थित शक्तिनगर में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को तंत्र-मंत्र और गुप्त विधियों के जरिए जमीन में दबा धन निकालने का लालच देता था। इसी बहाने उसने पीड़ित से करीब 15 लाख रुपए की ठगी कर ली। मामले की जानकारी सामने आने पर पीड़ित ने खेड़ापा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के जोधपुर शहर में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी खुद को तांत्रिक बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर गड़ा धन निकालने, विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले भी अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, गड़ा धन और चमत्कार के नाम पर ठगी करने वाले लोगों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Write a Response