जोधपुर, 21 अप्रैल। शहर में जोधपुर पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का एक और उदाहरण सामने आया है, जहां लगभग ₹1.35 लाख मूल्य का खोया हुआ पार्सल सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार, बस चालक रामशिवर ने सूचना दी कि कुचेरा से जोधपुर आते समय उनकी बस से एक पार्सल (बोरा) रास्ते में गिर गया। पार्सल में महंगी चूंदड़ियां रखी हुई थीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.35 लाख बताई गई। यह पार्सल कालवी प्याऊ से पावटा चौराहा के बीच कहीं गिर गया था। काफी तलाश के बावजूद पार्सल का कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई। हेड कांस्टेबल माणक चंद ने मामले की जानकारी बीएसआर पारी प्रभारी एएसआई नारायण सिंह को दी। इसके बाद हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह और कांस्टेबल जगदीश द्वारा सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्लेबैक सर्विलांस शुरू किया गया।
शुरुआत में बस की मूवमेंट तो दिखाई दी, लेकिन कैमरों के बीच गैप के कारण पार्सल गिरने का सटीक स्थान स्पष्ट नहीं हो पाया। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण करते हुए आर्मी तिराहा क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान एक लोडिंग टैक्सी में संदिग्ध पार्सल नजर आया।
पुलिस ने पार्सल की तस्वीर बस चालक और मालिक को भेजकर पुष्टि करवाई। पुष्टि होने पर वाहन नंबर के आधार पर चालक से संपर्क कर पार्सल को अभय कमांड सेंटर मंगवाया गया। बाद में पार्सल को सुरक्षित उसके मालिक को सुपुर्द कर दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई के लिए परिवादी ने जोधपुर पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन किराए पर लेते समय उसकी पूरी जानकारी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Write a Response