जोधपुर में अवैध देशी कट्टा पिस्टल सहित आरोपी राकेश गिरफ्तार
जोधपुर। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना लूणी की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टा पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त श्री शरत कविराज, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्रीमती कमल शेखावत तथा सहायक पुलिस आयुक्त वृत बोरानाडा श्री आनंद सिंह राजपुरोहित के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना लूणी के हैड कांस्टेबल गणपतलाल (1021) मय जाब्ता टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
घटना के अनुसार, दिनांक 30 मार्च 2026 को पुलिस टीम लोकल एवं स्पेशल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रीछ तालाब क्षेत्र में जम्भेश्वर मंदिर के सामने पानी की प्याऊ के पास पहुंची। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम राकेश पुत्र थानाराम विश्नोई (21 वर्ष), निवासी आथूणी ढाणी, जोलियाली, थाना झंवर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टलनुमा अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। जब पुलिस ने उससे हथियार रखने के लाइसेंस या परमिट के बारे में पूछा तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा पिस्टल जब्त कर उसे आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पिस्टल की मैगजीन खाली पाई गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में हैड कांस्टेबल गणपतलाल के साथ कांस्टेबल रामकेश, इमरान तथा महिला कांस्टेबल विमला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार निगरानी और अभियान जारी है।
Write a Response