शीतला अष्टमी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

जोधपुर। शहर सहित जिलेभर में बुधवार को शीतला अष्टमी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर माता शीतला के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। विशेष रूप से महिलाओं ने घरों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ओरी माता और अचपड़ाजी माताजी का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और रोगों से मुक्ति की कामना की।

 

WhatsApp Image 2026-03-10 at 8.01.42 PM-ObtrLEZzZL.jpeg

शीतला अष्टमी पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने की माता शीतला की पूजा-अर्चना

जोधपुर। शहर सहित जिलेभर में बुधवार को शीतला अष्टमी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर माता शीतला के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। विशेष रूप से महिलाओं ने घरों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ओरी माता और अचपड़ाजी माताजी का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और रोगों से मुक्ति की कामना की।

शीतला अष्टमी के दिन परंपरा के अनुसार घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता है और एक दिन पहले बनाए गए ठंडे पकवानों का भोग माता शीतला को लगाया जाता है। इसी परंपरा के तहत महिलाओं ने सुबह जल्दी उठकर पूजा-अर्चना की और माता को ठंडे व्यंजनों का प्रसाद अर्पित किया। घरों में पूड़ी, पापड़ी, गुलगुले, दही-बड़े और अन्य ठंडे पकवानों का भोग लगाकर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।

शहर के नागौरी गेट स्थित कागा पहाड़ियों में बने प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। माता के दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग कतारों की व्यवस्था मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें।

श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में 55 सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है, वहीं सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा गया है।

मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई है और यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पूरे शहर में शीतला अष्टमी का पर्व धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रहेगी। श्रद्धालु माता शीतला से परिवार के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और रोगों से रक्षा की प्रार्थना कर रहे हैं।

 
 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response