मंगलदीप कॉम्प्लेक्स फायरिंग मामले का खुलासा, मुख्य आरोपी देवेन्द्रसिंह उर्फ मनसा गिरफ्तार
जोधपुर। जोधपुर पश्चिम पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध हथियारों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पाल रोड स्थित मंगलदीप कॉम्प्लेक्स में हुई फायरिंग की घटना का खुलासा कर मुख्य आरोपी देवेन्द्रसिंह उर्फ मनसा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 अवैध पिस्टल और 11 मैग्जीन बरामद की हैं।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज (आईपीएस) के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व पी.डी. नित्या के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा व धन्नाराम, सहायक पुलिस आयुक्त रविन्द्र बोथरा व छवि शर्मा के सुपरविजन में चौहाबोर्ड थानाधिकारी सुरेश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई।
घटना 10 मार्च 2026 की शाम की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि पाल रोड स्थित मंगलदीप अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 402 में फायरिंग हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि छोटूसिंह पुत्र माधुसिंह राजपूत निवासी सोलंकिया तला देवराजगढ़ जोधपुर और अनिल बिश्नोई पुत्र जीवनराम निवासी रावत नगर, भदवासिया के अंदर मण्डोर रोड जोधपुर को गोली लगने से घायल हो गए। घायल छोटूसिंह को त्रिनय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अनिल बिश्नोई को एम्स अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर तलाशी लेकर साक्ष्य जुटाए तथा मोबाइल फोरेंसिक यूनिट और एमओबी टीम को बुलाकर बारीकी से निरीक्षण कराया। मामले में पुलिस थाना चौहाबोर्ड में प्रकरण संख्या 91 दिनांक 11 मार्च 2026 को धारा 109(1), 111(2)(ii) बीएनएस 2023 व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त और दोनों पुलिस उपायुक्त स्वयं घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा अधिकारियों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएसटी आयुक्तालय, डीएसटी पश्चिम व पूर्व सहित कई थानों की टीमों को शामिल कर विशेष अभियान चलाया गया। टीमों ने पूरी रात अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर करीब 10 से 12 जगह तलाशी ली और अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया।
मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी देवेन्द्रसिंह उर्फ मनसा (29) निवासी सेनणी थाना भावण्डा जिला नागौर हाल ओमनगर, जोधपुर को जालोर जिले के आहोर क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर 6 अवैध पिस्टल और 11 मैग्जीन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, संगठित अपराध से जुड़े अन्य लोगों तथा फायरिंग की घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Write a Response