रामनवमी पर जोधपुर में निकलेगी विराट शोभायात्रा, राष्ट्र गौरव की झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
जोधपुर। शहर में रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष भव्य और विराट शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद महानगर के तत्वावधान में संचालित रामनवमी महोत्सव समिति द्वारा 26 मार्च, गुरुवार को यह शोभायात्रा घंटाघर से शुरू होकर सिरे बाजार, जालोरी गेट, गोल बिल्डिंग, बी रोड होते हुए सरदारपुरा स्थित सत्संग भवन पर सम्पन्न होगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति अध्यक्ष अर्जुन सिंह उचियारड़ा, प्रांत अध्यक्ष डॉ. राम गोयल एवं ट्रस्ट अध्यक्ष रामप्रताप अग्रवाल ने विस्तृत जानकारी दी। डॉ. राम गोयल ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शोभायात्रा विशेष महत्व रखेगी। पंच परिवर्तन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
इन झांकियों में सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण और कुटुंब प्रबोधन जैसे विषयों को दर्शाया जाएगा। साथ ही संघ के 100 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियां और संघर्षों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत महापुरुषों की झांकियां समाज को एकता और अखंडता का संदेश देंगी। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को दर्शाती विशेष थीम भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
समिति अध्यक्ष अर्जुन सिंह उचियारड़ा ने बताया कि इस बार शोभायात्रा में कश्मीर से कन्याकुमारी तक की हिंदू संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कश्मीर की शैव परंपरा, महाराष्ट्र की तुलजा भवानी झांकी, उड़ीसा के जगन्नाथ, तमिलनाडु के वेंकटेश्वर, मीनाक्षी मंदिर, तिरुपति बालाजी सहित 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की झांकियां विशेष रूप से शामिल होंगी।
इसके अलावा नासिक के ढोल वादक, आंध्र प्रदेश का कुचिपुड़ी नृत्य दल और केरल के कलाकार कथकली व मोहिनीअट्टम की प्रस्तुति देंगे। शोभायात्रा के प्रारंभ में दुर्गा वाहिनी की युवतियां और 30 अखाड़े हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए शामिल होंगे।
ट्रस्ट अध्यक्ष रामप्रताप अग्रवाल ने बताया कि घंटाघर पर संतों के सानिध्य में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। ठीक दोपहर 12 बजे प्रभु रामलला के प्रकट्य उत्सव को शंख, घंटाल और वाद्य यंत्रों की गूंज के साथ मनाया जाएगा। विशेष राम रथ में विराजित भगवान राम दरबार की पूजा के साथ शोभायात्रा प्रारंभ होगी।
इस अवसर पर विहिप के विभिन्न पदाधिकारी एवं समिति सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
Write a Response