धमकी देकर फिरौती मांगने का खुलासा

जोधपुर। जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार फोन कर पीड़ित को धमकाते हुए मंडप गार्डन खाली करने और फिरौती देने का दबाव बना रहा था।

 


जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

जोधपुर। जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार फोन कर पीड़ित को धमकाते हुए मंडप गार्डन खाली करने और फिरौती देने का दबाव बना रहा था।

पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को प्रार्थी ओमसिंह पुत्र भंवरसिंह राजपूत (42) निवासी पृथ्वीराज नगर, झालामंड, पुलिस थाना कुड़ी भगतासनी, जोधपुर पश्चिम ने लिखित रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं तथा अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता निशानेबाज भी हैं। उनका परिवार पृथ्वीराज नगर स्थित एनएच-62 मुख्य सड़क पर मंडप गार्डन एवं रेस्टोरेंट का संचालन करता है।

रिपोर्ट में बताया गया कि पिछले कई दिनों से एक व्यक्ति, जो स्वयं को प्रकाश नैण निवासी तिलवासनी हाल निवासी कुड़ी भगतासनी बता रहा था, लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहा था और मंडप गार्डन खाली करने के लिए दबाव बना रहा था। आरोपी फिरौती की मांग भी कर रहा था। 9 मार्च 2026 को दोपहर 2:43 बजे आरोपी ने फोन कर दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह पीड़ित और उसके परिवार को घर के बाहर आकर गोली मार देगा। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीना तथा सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त बोरानाडा आनंदसिंह राजपुरोहित के सुपरविजन में कुड़ी भगतासनी थाना अधिकारी तेजकरण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान 12 मार्च को आरोपी रामप्रकाश उर्फ प्रकाश नैण पुत्र जोगाराम विश्नोई (41) निवासी तिलवासनी, थाना बिलाड़ा, जिला जोधपुर ग्रामीण को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ में अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

 
 
 
 
0
Author
Rajendra Harsh
Author
Rajendra Harsh

Write a Response