बालोतरा पुलिस की क्रिकेट सट्टा पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों का नेटवर्क ध्वस्त
बालोतरा पुलिस ने अवैध क्रिकेट सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सट्टा संचालन में प्रयुक्त 3 लैपटॉप, 33 मोबाइल फोन और एक विशेष रूप से तैयार पियानो अटैची (मोबाइल सेटअप) जब्त की है। जब्त किए गए उपकरणों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का विस्तृत हिसाब-किताब भी मिला है, जिससे इस गिरोह के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहा था और तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर देशभर में अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों—जावेद, मनीष, असरफ और महेन्द्र—को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न राज्यों में फैले सट्टा कारोबारियों से जुड़े हुए थे और मोबाइल एप्स व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों से संपर्क साधते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा उपयोग किए जा रहे मोबाइल और लैपटॉप में कई सट्टा ऐप्स, व्हाट्सएप ग्रुप और डिजिटल लेन-देन के साक्ष्य मिले हैं। पियानो अटैची के रूप में तैयार किया गया मोबाइल सेटअप विशेष रूप से सट्टा संचालन के लिए उपयोग में लिया जा रहा था, जिससे एक साथ कई डिवाइस संचालित किए जा सकते थे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ा प्रहार हुआ है। साथ ही, जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Write a Response