नया तालाब क्षेत्र में अवैध जुआ संचालन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर। पुलिस थाना नागौरी गेट एवं जिला विशेष टीम जोधपुर पूर्व ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नया तालाब सार्वजनिक पार्क के पास एक रहवासी मकान में दबिश देकर अवैध जुआ संचालन का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 37,500 रुपये की जुआ राशि और जुआ सामग्री बरामद की है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज (IPS) एवं पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व मनीष कुमार चौधरी के निर्देशानुसार की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वीरेंद्र सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त मंगलेश चुण्डावत के सुपरविजन में थाना नागौरी गेट की थानाधिकारी शैफाली सांखला के नेतृत्व में गठित टीम तथा जिला विशेष टीम के प्रभारी खेतसिंह ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 23 अप्रैल 2026 की देर रात टीम को सूचना मिली कि नया तालाब सार्वजनिक पार्क के पास एक मकान में अवैध रूप से जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां 9 व्यक्ति जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस ने तत्काल सभी को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें 37,500 रुपये नकद एवं जुआ खेलने की सामग्री बरामद हुई।
इस संबंध में पुलिस थाना नागौरी गेट में प्रकरण संख्या 52/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ राजस्थान पब्लिक गैंबलिंग ऑर्डिनेंस (RPGO) की धारा 112(2) व 3/4 के तहत मामला पंजीबद्ध कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में जाकिर, समीर, विजय सोलंकी, सुमेरसिंह कच्छावा, असलम, आशिक, मोहम्मद शकील, सिकंदर और अकरम खान शामिल हैं। सभी आरोपी शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response