हिंगलाज माता में धूमधाम से मनाया गया पाटोत्सव, प्रसादी में उमड़ी आस्था
जोधपुर।
ब्रह्मलीन महन्त बलवंतगिरी महाराज आश्रम, रिछा भाखर में स्थित 300 वर्ष पुराने प्राचीन श्री हिंगलाज माता मंदिर का 14वां पाटोत्सव शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय पाटोत्सव के अंतिम दिन संत-महात्माओं के सानिध्य, धार्मिक अनुष्ठानों एवं महाप्रसादी वितरण के साथ आयोजन पूर्ण हुआ। पाटोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा।
बिजोलाई बालाजी मंदिर आश्रम के महामण्डलेश्वर सोमेश्वरगिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस पाटोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से आए संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने माता हिंगलाज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा सुख-समृद्धि और कष्ट निवारण की कामना की। धार्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न हुए।
इस अवसर पर मण्डल महन्त सर्वानन्दगिरी महाराज ने जूनागढ़, अहमदाबाद से पधारे थानापति महन्त नवलगिरी महाराज का चरण पूजन कर उनका सम्मान किया। इसके पश्चात महामण्डलेश्वर सोमेश्वरगिरी महाराज का विधिवत अभिषेक किया गया। संतों के सानिध्य में हुए इन आयोजनों ने श्रद्धालुओं को गहरी आध्यात्मिक अनुभूति कराई।
पाटोत्सव में गुजरात, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित जोधपुर जिले एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम में सोमेश्वरगिरी महाराज, मुनेश्वरगिरी महाराज, रूद्रगिरी महाराज एवं बलवानगिरी महाराज प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मण्डल महन्त सर्वानन्दगिरी महाराज द्वारा सभी संत-महात्माओं का माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
पाटोत्सव के अंत में मंदिर परिसर में महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का ऐसा दृश्य देखने को मिला कि पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया। पाटोत्सव के सफल आयोजन पर आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने माता हिंगलाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों की निरंतरता की कामना की।
Write a Response