जोधपुर। चुनावी सीजन के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोधपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 378.35 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और पुलिस थाना डांगियावास की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से मादक पदार्थ जब्त किया। बरामद डोडा पोस्त और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त अंशुमन भोमिया के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त जोधपुर पूर्व के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेंद्र सिंह देवड़ा और सहायक पुलिस आयुक्त मंडोर अनिल शर्मा के सुपरविजन में की गई।
पुलिस के अनुसार, डीएसटी जोधपुर पूर्व को मध्यरात्रि में सूचना मिली थी कि एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में भारी मात्रा में डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने वाहन पर निगरानी शुरू की। 15 सितंबर की रात दांतीवाड़ा पुलिया के नीचे सघन नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी संदिग्ध अवस्था में आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी की गति बढ़ाकर मेन हाईवे से वाहन को बिसलपुर की ओर कच्चे रास्ते में भगा दिया। डीएसटी और डांगियावास थाना पुलिस ने पीछा किया।
कुछ दूरी पर संकरे कच्चे रास्ते और अंधेरे का फायदा उठाकर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 21 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 378.35 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त भरा मिला।
जांच में फॉर्च्यूनर पर लगी नंबर प्लेट GJ-18-BL-3951 फर्जी पाई गई। पुलिस को वाहन के कर्नाटक राज्य से चोरी होने की भी जानकारी मिली है। डांगियावास थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपी और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश शुरू कर दी है।
Write a Response