जोधपुर। जीवन संजीवनी चिकित्सा सेवा संस्थान, जोधपुर की ओर से “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत 25 सितंबर को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड में नशा मुक्ति जनजागृति रैली, प्रेरक व्याख्यान एवं संकल्प समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रचारक डॉ. वाई.के. दवे ने बताया कि अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान किशोरावस्था एवं युवावस्था में होने वाले मानसिक, सामाजिक और शारीरिक बदलावों को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। मनोवैज्ञानिक एवं पुनर्वास काउंसलिंग विशेषज्ञ डॉ. सुशील रोहिवाल और डॉ. नीलोफर खान ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, सुरक्षित व्यवहार, सकारात्मक जीवन मूल्यों और स्वस्थ संबंधों के संबंध में जानकारी दी।
श्री बालाजी हॉस्पिटल, प्रतापनगर की डायरेक्टर डॉ. सीमा शर्मा ने छात्राओं को युवावस्था में होने वाले शारीरिक एवं हार्मोनल बदलावों तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। विद्यालय की प्रधानाचार्य राजपुरोहित ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
अंतरराष्ट्रीय विश्व शांति दिवस के अवसर पर “विश्व शांति एवं एकता के लिए पैदल मार्च” भी निकाला गया। मार्च सेक्टर-7 स्थित विद्यालय से शुरू होकर सेंट्रल पार्क, कुड़ी भगतासनी तक पहुंचा। रैली में “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “घर-घर अलख जगाना है, नशे को दूर भगाना है” जैसे संदेश दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर निगम जोधपुर के ब्रांड एंबेसडर जीवराज श्रीमाली उपस्थित रहे। प्रोग्राम मॉनिटर पंकज दवे ने बताया कि 2 अगस्त 2026 से शुरू हुआ अभियान 100 सप्ताह तक चलेगा। अभियान के तहत गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचकर युवाओं को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
Write a Response