जैसलमेर/बालोतरा। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने पश्चिमी राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा से लेकर पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। गुरुवार को उन्होंने तनोट माता मंदिर में दर्शन और आरती में शामिल होने के बाद जैसलमेर पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद बालोतरा जिले के सिणधरी थाने पहुंचकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने सुबह तनोट माता मंदिर में दर्शन कर आरती में भाग लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद जैसलमेर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर्स मैस, जिम, कैंटीन और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पुलिस लाइन में नवनिर्मित महिला बैरक का भी निरीक्षण किया गया। डीजीपी ने महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीजीपी पुलिस लाइन में संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई की व्यवस्था की जानकारी ली। कक्षा-कक्षों में जाकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम और शिक्षा से जुड़े विषयों पर बातचीत की तथा बच्चों को टॉफियां वितरित कीं।
जैसलमेर से सिणधरी थाने पहुंचकर डीजीपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नशे और साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जनसहयोग लेने तथा आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
इससे पहले बुधवार रात डीजीपी बबलियान बॉर्डर आउट पोस्ट पहुंचे थे। उन्होंने बीएसएफ जवानों से संवाद कर सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विषम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों का हौसला बढ़ाया।
इस दौरान आईजी सत्येंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप और जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Write a Response