नेहरू पार्क: जेडीए ने योगा शेड के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की
10 लाख की लागत से बनेगा योगा शेड, 6 माह में होगा तैयार
जोधपुर। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल नेहरू पार्क के सौंदर्यकरण और विकास को लेकर जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने पहल तेज कर दी है। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे इस पार्क की स्थिति सुधारने के लिए जेडीए ने विभिन्न विकास कार्यों हेतु निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पार्क में योगा शेड निर्माण की योजना को भी मूर्त रूप दिया जा रहा है।
जेडीए द्वारा जारी निविदा के अनुसार नेहरू पार्क में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त योगा शेड का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य निर्धारित समय सीमा के तहत करीब 6 माह में पूरा किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पार्क में आने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और योग व ध्यान जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
पर्यावरण प्रेमी एवं गोल बिल्डिंग मोहल्ला विकास समिति के अध्यक्ष अरुण माथुर ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि विधायक अतुल भंसाली की अनुशंसा पर जेडीए द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है। योगा शेड बनने से पार्क में आने वाले लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिलेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
गौरतलब है कि पिछले तीन माह से ‘नेहरू पार्क बचाओ अभियान’ के तहत स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों द्वारा पार्क की दुर्दशा को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। पार्क के रखरखाव और अस्तित्व को बचाने के लिए चलाए गए इस जन आंदोलन का अब असर दिखाई देने लगा है।
प्रस्तावित योजना के तहत पार्क में अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे आमजन, विशेषकर बुजुर्गों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके। नियमित रूप से सैर और योग के लिए आने वाले लोगों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जेडीए की इस पहल और जन सहयोग से नेहरू पार्क जल्द ही एक बेहतर, सुव्यवस्थित और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में नई पहचान बनाएगा।
Write a Response