जोधपुर। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल झपटमारी की घटना का पर्दाफाश कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के कुल पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जोधपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर मोबाइल झपटमारी की कई वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज (आईपीएस) और पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल (आईपीएस) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा और सहायक पुलिस आयुक्त छवि शर्मा के सुपरविजन में शास्त्रीनगर थाना प्रभारी जुल्फिकार और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को परिवादी अनोपसिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 9 मार्च को वह मेडिकल चौराहा पर टेम्पो से उतरकर मथुरादास माथुर अस्पताल के फुटपाथ से गुजर रहा था। उसी दौरान वह अपने वीवो कंपनी के मोबाइल पर बात कर रहा था। तभी पीछे से काले रंग की मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया और दोनों मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 47/13.03.2026 दर्ज कर जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा आसूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दस्तयाब किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (22) पुत्र महेन्द्र निवासी लाला लाजपतराय कॉलोनी छोटी ईदगाह के पास और सुल्तान (22) पुत्र अमजद निवासी संजय सी कॉलोनी, प्रतापनगर सदर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी विशाल के खिलाफ पहले भी प्रतापनगर सदर थाने में आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें धारा 341, 323 और 354/34 के तहत प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में झपटमारी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Write a Response