आयुर्वेद विश्वविद्यालय में रक्तदान शिविर, 70 से अधिक दाताओं ने किया रक्तदान
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर में मंगलवार को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 70 से अधिक रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
यह शिविर मथुरादास माथुर चिकित्सालय की ब्लड बैंक इकाई के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएचआरडी निदेशक एवं विश्वविद्यालय की इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी यूनिट के समन्वयक डॉ. राकेश कुमार शर्मा तथा सह-समन्वयक डॉ. मनोज कुमार अदलखा द्वारा कुलगुरु का स्वागत कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न संघटक महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय की अधीक्षक प्रो. ए. नीलिमा, होम्योपैथी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गौरव नागर सहित विश्वविद्यालय के सीएचआरडी सदस्य डॉ. राजीव खन्ना, डॉ. नरेन पटवा एवं डॉ. अजीत सिंह चारण भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
रक्तदान शिविर के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे दाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
Write a Response