भगवान झूलेलाल का तीन दिवसीय चेटीचंड मेला 20 मार्च से, पुलिस आयुक्त ने किया बैनर विमोचन
जोधपुर। शहर के सोजती गेट के अंदर स्थित प्राचीन झूलेलाल मंदिर में भगवान झूलेलाल का तीन दिवसीय चेटीचंड मेला 20 से 22 मार्च तक श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर के सचिव रामचंद्र चांदवानी और अध्यक्ष भगवान मुरझानी ने बताया कि यह आयोजन बाबा जयरामदास के सानिध्य में तथा पूज्य झूलेलाल विकास सोसाइटी और बाबा नारूमल मंडली के तत्वावधान में किया जाएगा। तीनों दिन मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन भगवान झूलेलाल की ज्योति प्रज्वलित की जाएगी और बहिराणा साहिब का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य धार्मिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए तीनों दिन आम लंगर प्रसादी की व्यवस्था भी की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजन प्रसादी ग्रहण करेंगे।
चेटीचंड पर्व सिंधी समाज के लिए विशेष महत्व रखता है और इसे भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर सिंधी समाज के लोग बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान झूलेलाल के दर्शन करते हैं और समाज की खुशहाली व समृद्धि की कामना करते हैं।
इसी क्रम में बुधवार को जोधपुर पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने मंदिर पहुंचकर तीन दिवसीय चेटीचंड उत्सव के बैनर का विमोचन किया। इस मौके पर मंदिर के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने पुलिस आयुक्त का स्वागत किया और आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी।
बैनर विमोचन के अवसर पर मंदिर के सेवादार और समाज के कई सदस्य मौजूद रहे। इनमें भगवान मुरझानी, रामचंद्र चांदवानी, राजकुमार आसुदानी, रमेश खटवानी, गोरधन वीरवानी, राम देवानी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
आयोजन समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से तीनों दिन मेले में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने और प्रसादी ग्रहण करने का आह्वान किया है। मेले को सफल बनाने के लिए मंदिर ट्रस्ट और समाज के लोग व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
Write a Response