नादोती एसडीएम सहित तीन आरोपी 60 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 4 लाख संदिग्ध राशि जब्त
जयपुर, 16 अप्रैल 2026। राजस्थान के करौली जिले के नादोती उपखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम सहित तीन आरोपियों को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साथ ही मौके से 4 लाख रुपये की संदिग्ध राशि भी बरामद की गई है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी सवाई माधोपुर इकाई को एक परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसकी भूमि की फाइनल डिक्री जारी करने के एवज में नादोती की उपखंड अधिकारी काजल मीना अपने रीडर दिनेश कुमार सैनी के माध्यम से रिश्वत की मांग कर रही हैं।
शिकायत के अनुसार पहले एक लाख रुपये की मांग की गई, बाद में 50 हजार रुपये पर सहमति बनी। सत्यापन के दौरान रीडर द्वारा एसडीएम के लिए 50 हजार और स्वयं के लिए 10 हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
16 अप्रैल को परिवादी को एसडीएम कार्यालय नादोती बुलाया गया, जहां 60 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली गई। यह राशि रीडर दिनेश सैनी द्वारा लेकर वरिष्ठ सहायक प्रवीण धाकड़ को सौंप दी गई। एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथों डिटेन कर लिया।
कार्रवाई के दौरान एक बैग से रिश्वत की राशि के साथ ही 4,00,000 रुपये की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई है, जिसकी जांच जारी है। इस पूरे ऑपरेशन को एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी ने अंजाम दिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के निर्देशन में मामले की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
Write a Response