जोधपुर के शिव मंदिर में 18 मई से गूँजेगी श्रीमद भागवत कथा की अमृत वर्षा
Jodhpur। महादेव ग्रुप की ओर से शहर के पब्लिक पार्क स्थित शिव मंदिर में आगामी 18 मई 2026 से सात दिवसीय भव्य श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन स्मृतिशेष रामस्वरुप चैहान एवं स्मृतिशेष श्रीमती दरियाव कंवर चैहान की पावन स्मृति में किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
महादेव ग्रुप के संदीप चैहान ने बताया कि कथा का आयोजन श्री श्री 1008 मौनी जी महाराज के आशीर्वाद से किया जा रहा है। कथा के दौरान प्रख्यात कथा वाचक संत नित्यमुक्ताजी (अनिता जी) अपने मुखारविंद से श्रीमद भागवत कथा का रसपान कराएंगी। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 18 मई, सोमवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा प्रातः 10 बजे कचहरी परिसर स्थित बालाजी मंदिर से रवाना होगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पब्लिक पार्क स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए धर्ममय वातावरण बनाएंगे।
सात दिवसीय कथा का समापन 24 मई 2026, रविवार को सायं 6 बजे भव्य पूर्ण आरती के साथ होगा। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसाद एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
महादेव ग्रुप के नीरज सिंघल, किशन, ओमप्रकाश, श्रवण, रामेश्वर, रविन्द्र, शैलेंद्र, राकेश, कमलेश, मनोज, संदीप, पंकज, दीपक चैहान सहित समस्त चैहान परिवार आयोजन को सफल बनाने में जुटा हुआ है। आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।
Write a Response