जोधपुर। Mathuradas Mathur Hospital में डॉक्टरों की टीम ने एक अत्यंत दुर्लभ और जटिल ट्यूमर की सफल सर्जरी कर 46 वर्षीय मरीज को नया जीवन प्रदान किया। संभाग के इस प्रमुख सरकारी अस्पताल में हुई इस सर्जरी को चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
मरीज पेट दर्द, कब्ज, गुदा के आसपास भारीपन और सूजन जैसी शिकायतों के साथ सर्जरी विभाग में भर्ती हुआ था। जांच के दौरान उसके पेल्विक क्षेत्र में एक बड़ी गांठ पाई गई, जो मेसोरेक्टल स्पेस में लोअर रेक्टम और एनल कैनाल तक फैली हुई थी। वरिष्ठ सर्जन डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के अनुसार यह स्पिंडल सेल नियोप्लाज्म बेहद दुर्लभ होता है और लाखों में किसी एक मरीज में ही देखने को मिलता है। ट्यूमर का आकार लगभग 6×6×8 सेंटीमीटर था, जो आसपास के अंगों को दबा रहा था, हालांकि यह कैंसर (मेटास्टेसिस) में परिवर्तित नहीं हुआ था और जांच में बेनाइन पाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार यह सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि ट्यूमर पेल्विक कैविटी के संवेदनशील और संकरे हिस्से में स्थित था। इस क्षेत्र में यूरेटर, यूरिनरी ब्लैडर, रेक्टम और आंतों के साथ-साथ महत्वपूर्ण नसें होती हैं, जिससे ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की क्षति का जोखिम बना रहता है। विशेष रूप से आंत फटने या मूत्राशय को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते सर्जरी अत्यंत सावधानीपूर्वक करनी पड़ी।
डॉक्टरों की टीम ने सूझबूझ और विशेषज्ञता का परिचय देते हुए सफलतापूर्वक ट्यूमर को हटाया। ऑपरेशन के दौरान आसपास के सभी महत्वपूर्ण अंगों को सुरक्षित रखा गया, जिससे किसी प्रकार की जटिलता नहीं हुई। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह सामान्य है, वह भोजन कर रहा है और उसके सभी लक्षणों में सुधार देखा गया है। उसे स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस जटिल सर्जरी को सफल बनाने में डॉ. दिनेश दत्त शर्मा के नेतृत्व में डॉ. पारंग आसेरी, डॉ. आशीष गोयल, डॉ. दिव्यम नौट्याल, डॉ. विनय गुर्जर, डॉ. प्रतिभा, डॉ. उमेश और डॉ. जय सहित एनेस्थीसिया एवं नर्सिंग टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि यहां इस प्रकार की जटिल सर्जरी नियमित रूप से की जाती हैं और सभी उपचार सरकारी योजनाओं के तहत निःशुल्क उपलब्ध हैं। वहीं Dr. S.N. Medical College के प्राचार्य डॉ. बी.एस. जोधा ने टीम को बधाई देते हुए इसे बड़ी सफलता बताया।
विशेषज्ञों ने आमजन से अपील की है कि पेट दर्द, कब्ज, गुदा से रक्तस्राव या पेल्विक क्षेत्र में सूजन जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
Write a Response