जोधपुर/क्षेत्र। भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर इस वर्ष विप्र समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम ने अभूतपूर्व एकता और भव्यता का उदाहरण प्रस्तुत किया। आयोजन में नथमल पालिवाल , जितेंद्र गौड़, विक्रम उपाध्याय दीपक , नरेश , दीपक व्यास, सूरज व्यास सहित अनेक समाजसेवियों और विप्र बंधुओं ने मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इस बार सभी ब्राह्मण समाज के संगठन एक मंच और एक नाम—भगवान परशुराम—के बैनर तले एकजुट हुए। पूर्व में जहां आदि गौड़, गौड़ ब्राह्मण महासभा, विप्र सेना आदि अलग-अलग बैनरों के तहत आयोजन होते थे, वहीं इस बार एकता का संदेश देते हुए सामूहिक रूप से आयोजन किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।
आयोजन में धार्मिक अनुष्ठान, शोभायात्रा, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भगवान परशुराम की भक्ति में लीन नजर आए।
आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों, अतिथियों एवं विशेष रूप से मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया, जिनके योगदान से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने कहा कि समाज की एकजुटता ही इस सफलता का मुख्य कारण रही और भविष्य में भी ऐसे ही भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया गया।
समाज के वरिष्ठजनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब सभी एक मंच पर आते हैं तो समाज की ताकत कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले समय में भी इसी तरह एकता और सहयोग बना रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में भगवान परशुराम के जयकारे लगाए और समाज की उन्नति व समृद्धि की कामना की। आयोजकों ने भरोसा जताया कि समाज का सहयोग आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।
Write a Response