जोधपुर, 2 अप्रैल।
मारवाड़ क्षेत्र में सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और जनहित के मुद्दों को लेकर 5 अप्रैल को रामदेवरा (जैसलमेर) में ‘मारवाड़ महासम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की रूपरेखा साझा करने के लिए गुरुवार को जोधपुर स्थित उमेद क्लब में सामाजिक एकता मंच की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों ने विस्तार से जानकारी दी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के प्रतिनिधि मुकेश मेघवाल, आशा मेघवाल, मोती सिंह जोधा, दुर्जन सिंह, छात्रसंघ अध्यक्ष अरविंद सिंह भाटी और लोकेंद्र सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने बताया कि यह महासम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि मारवाड़ के ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर मंथन का मंच होगा। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में बेरोजगारी, जातिवाद और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
वक्ताओं ने बताया कि मारवाड़ में बढ़ती बेरोजगारी युवाओं के सामने एक बड़ी चुनौती बन चुकी है, ऐसे में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जाएं, इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही समाज में बढ़ती जातिगत दूरी को समाप्त कर सर्व समाज में भाईचारा और समानता स्थापित करने के उपायों पर भी चर्चा होगी। पर्यावरण संरक्षण को लेकर जल संकट, प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया जाएगा।
आयोजकों ने दावा किया कि मारवाड़ के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब सर्व समाज एक ही मंच पर बैठकर साझा मुद्दों पर विचार करेगा। ‘सामाजिक एकता मंच’ के बैनर तले आयोजित इस महासम्मेलन में किसी एक वर्ग विशेष की नहीं, बल्कि सभी जाति, धर्म और समाज की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रबुद्धजन भाग लेंगे, जो अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। अंत में मंच की ओर से सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में 5 अप्रैल को रामदेवरा पहुंचकर इस महासम्मेलन को सफल बनाने की अपील की गई।
Write a Response