महावीर जयंती पर शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर समन्वय बैठक, प्रशासन अलर्ट
जोधपुर। आगामी 31 मार्च को मनाई जाने वाली महावीर जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को सरदार पटेल सभागार, पुलिस लाइन में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने की। इसमें पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजनकर्ता समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
बैठक में मनीष चौधरी, कमल शेखावत और शाहीन सी सहित नगर निगम, विद्युत विभाग, अग्निशमन, चिकित्सा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी विभागों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी साझा की और समन्वय के साथ कार्य करने की रूपरेखा तय की।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने कहा कि महावीर जयंती का पर्व अहिंसा, संयम और शांति का संदेश देता है, इसलिए शोभायात्रा को गरिमामय और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के दौरान मार्ग डायवर्जन, वैकल्पिक रूट की पूर्व सूचना और ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही वॉलंटियर्स की मदद से भी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए। आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर देते हुए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के प्रभावी उपयोग के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आयोजनकर्ता समिति ने शोभायात्रा की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रस्तावित मार्ग की जानकारी दी, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक सुझाव देते हुए समयबद्ध तैयारियों का आश्वासन दिया।
अंत में पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, अनुशासन बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य रूप से मनाया जा सके।
Write a Response