खाण्डाफलसा थाना पुलिस की कार्रवाई, शातिर नकबजन गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
जोधपुर। शहर में बढ़ती चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस थाना खाण्डाफलसा की टीम लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने एक शातिर नकबजन और वाहन चोर को गिरफ्तार कर उससे चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी पांच प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त (जोधपुर पूर्व) पी.डी. नित्या (आईपीएस) ने बताया कि पुलिस आयुक्त शरत कविराज के निर्देशानुसार शहर में चोरी और नकबजनी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत खाण्डाफलसा थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 22 फरवरी 2026 को चांदपोल स्थित गोवर्धन तालाब क्षेत्र निवासी कमलेश सोनी ने खाण्डाफलसा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 फरवरी की रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे हुए मिले और शॉकेस से चांदी का सामान चोरी हो चुका था। अज्ञात चोर ताले तोड़कर दुकान से कीमती चांदी का सामान ले गया था।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वीरेन्द्र सिंह के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त वृत केन्द्रीय मंगलेश चुण्डावत के निर्देशन में खाण्डाफलसा थानाधिकारी बलवंतराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आसूचना, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी महेश निवासी इन्द्रा कॉलोनी, प्रतापनगर जोधपुर पश्चिम हाल निवासी वाल्मिकी बस्ती माधोबाग सिवांची गेट है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खाण्डाफलसा थाना क्षेत्र के प्रकरण संख्या 17/2026 और 19/2026 में वाहनों की चोरी करना भी स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Write a Response