राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस पर जोधपुर में उत्कृष्ट सरपंचों का सम्मान
जोधपुर, 24 अप्रैल। राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिषद स्थित राजीव गांधी सेवा केन्द्र भवन में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 महिला एवं पुरुष सरपंचों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लीला मदेरणा ने सम्मानित सरपंचों को मोमेंटो प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख लीला मदेरणा ने कहा कि पंचायतीराज व्यवस्था पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि गांवों के सशक्तिकरण से ही लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है और शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास भी गांवों से ही शुरू होता है।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुरूप पंचायतीराज व्यवस्था की आधारशिला गांवों में रखी गई है। उन्होंने ग्रामीण विकास की प्राथमिकता गांवों से शुरू होने पर बल देते हुए सरपंचों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जिला स्वच्छता मिशन, महात्मा गांधी नरेगा योजना, राज्य एवं केंद्रीय वित्त आयोग, सांसद एवं विधायक क्षेत्रीय योजनाओं के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंचों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में ग्राम पंचायत झंवर (धवा) के भंवरलाल, चावण्डा (केरू) की अमराव कंवर, सोईन्तरा (शेरगढ़) के गोविन्द सिंह, मेलबा (धवा) के जगदीश पटेल, बावड़ी क्षेत्र की भंवरी देवी, शिवनगर (तिंवरी) के पुरखाराम, जाटी भाण्डू (बालेसर) की मूमल, ओसियां क्षेत्र की संतोष कंवर, बालरवा (तिंवरी) की अंजू परिहार और गारासनी (भोपालगढ़) के रामदयाल शामिल रहे।
सम्मानित सरपंचों ने स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, नरेगा कार्यों, वित्त आयोग योजनाओं और आधारभूत संरचना विकास जैसे टीन शेड, स्टैंड एवं चारदीवारी निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है, जिससे ग्राम विकास को नई दिशा मिली है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीलम लखारा, गणपतलाल सुथार, सहायक अभियंता नरेगा संजय गुप्ता सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। संचालन महेन्द्र सिंह राजपुरोहित एवं बोराराम गुर्जर द्वारा किया गया।
Write a Response